नगर भ्रमण पर निकले गजानंद: 80 से अधिक झांकियों ने मोहा मन

0
45
Gajanand sets out on a tour of the city.
Gajanand sets out on a tour of the city.

जयपुर। गणेश चतुर्थी के बाद ऋषि पंचमी पर प्रथम पूज्य भगवान गणेश मंगलवार को नगर भ्रमण पर निकले। मोतीडूंगरी गणेश मंदिर से शाम 4 बजे 38वीं विशाल शोभायात्रा रवाना हुई। मंदिर के महंत पं. कैलाश शर्मा ने महाआरती कर शोभायात्रा को रवाना किया।

‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच शोभायात्रा मोतीडूंगरी रोड से सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान चौराहा और ब्रह्मपुरी होते हुए गढ़ गणेश मंदिर पहुंची।

80 से अधिक झांकियां बनी आकर्षण

शोभायात्रा में 80 से अधिक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें 20 से अधिक स्वचालित और इलेक्ट्रॉनिक झांकियां थीं। भगवान गणेश के विभिन्न स्वरूपों और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। लवाजमे में शामिल हाथी, घोड़े, ऊंट और बैंड-बाजे शोभायात्रा की भव्यता बढ़ा रहे थे।

नृत्य करते गणेशजी और बालरूप ने मोहा मन

शोभायात्रा में पृथ्वी पर नृत्य करते गणेशजी, पिता शिव की पीठ पर खेलते बालरूप, नीले घोड़े पर सवार गणपति और शेषनाग पर नृत्य करते बप्पा की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। रिद्धि-सिद्धि के साथ घूमर नृत्य की झांकी ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। शोभायात्रा में भगवान शिव, माता पार्वती, रिद्धि-सिद्धि और शुभ-लाभ सहित देवी-देवताओं के स्वरूपों के दर्शन हुए।

हर 100 मीटर पर स्वागत मंच, जगह-जगह पुष्पवर्षा

सांगानेरी गेट से जौहरी बाजार में प्रवेश करते ही परकोटे में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। हर 100 मीटर पर स्वागत मंच बनाए गए थे। संत-महंत, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, व्यापारी और आमजन ने गणपति की आरती उतारी। बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार और चौगान चौराहे से होते हुए शोभायात्रा ब्रह्मपुरी पहुंची तो श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रास्तेभर छतों और बरामदों से पुष्पवर्षा होती रही। जगह-जगह प्रसादी के स्टॉल भी लगाए गए।

गढ़ गणेश मंदिर में महाआरती से समापन

रात्रि में शोभायात्रा गढ़ गणेश मंदिर पहुंची, जहां महंत प्रदीप औदीच्य ने गणपति महाराज की महाआरती की। महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में 80 से अधिक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें 20 से अधिक इलेक्ट्रॉनिक झांकियां थीं।

शोभायात्रा के सुगम संचालन के लिए पुलिस प्रशासन ने परिक्रमा मार्ग पर वाहनों का प्रवेश बंद रखा। साथ ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को परिवर्तित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here