जयपुर। ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित नहर के गणेशजी मंदिर में महंत जय शर्मा के सान्निध्य में ऋषि पंचमी महोत्सव भक्ति भाव और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। ऋषि पंचमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
युवाचार्य मानव शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत गणपति पूजन के साथ हुई। इसके बाद विधि-विधान से सप्त ऋषियों का पूजन-अर्चन किया गया और सप्त ऋषियों का प्रति श्रद्धा प्रकट की गई।
ऋषि पंचमी के पावन अवसर पर मंदिर में भगवान गणेश की विशेष झांकी भी सजाई गई। आकर्षक श्रृंगार और विशेष झांकी के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में उत्साह के साथ भाग लिया और ऋषि पंचमी के पर्व को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया।



















