पुलिस-जनता के बीच बेहतर तालमेल से मजबूत होगी कानून-व्यवस्था: डीसीपी

0
30

जयपुर। जयपुर दक्षिण पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज की अध्यक्षता में मंगलवार को अशोक नगर सर्किल के ज्योति नगर थाने में जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें डीसीपी ने आमजन की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता व संवेदनशीलता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त अशोक नगर डॉ. पूनम सहित अशोक नगर सर्किल के तीनों थानों के थानाधिकारी मौजूद रहे।

डीसीपी राजर्षि राज ने तीनों थानों के सीएलजी सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सदस्यों से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों या अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि अफवाहों और भ्रामक खबरों पर भरोसा नहीं करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें। साथ ही आमजन को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करने में सहयोग करें। अवैध नशे और मादक पदार्थों के कारोबार की जानकारी भी पुलिस तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान जिला स्तर पर संचालित ‘मिशन जागृति’ अभियान के संबंध में भी सीएलजी सदस्यों को जानकारी दी गई।

जनसुनवाई के बाद अशोक नगर सर्किल स्तर पर अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। डीसीपी ने लंबित प्रकरणों और परिवादों का प्राथमिकता से निष्पक्ष अनुसंधान कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने के साथ जनता के साथ बेहतर संवाद एवं प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश भी दिए। जयपुर दक्षिण जिले में आगामी दिनों में विभिन्न थानों में जनसुनवाई होगी। शिवदासपुरा थाने में 19 सितंबर, श्याम नगर थाने में 23 सितंबर और मुहाना थाने में 25 सितंबर 2026 को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here