ऋषि पंचमी पर ब्राह्मण बटुकों का हुआ नि:शुल्क उपनयन संस्कार

0
30

जयपुर। ऋषि पंचमी के अवसर पर आस्था सांस्कृतिक संस्था एवं मंदिर श्री रघुनाथ जी की ओर से सीकर रोड स्थित सियाराम बाबा की बगीची में ऋषि पंचमी महोत्सव मनाया गया। महंत हरिशंकर दास महाराज के सानिध्य में सुबह 9 बजे शुरू हुए आयोजन में ब्राह्मण बटुकों का नि:शुल्क उपनयन संस्कार कराया गया।

इस कार्यक्रम में हेमाद्रि संकल्प, ऋषि अर्चन, तर्पण, दशविध स्नान, जलाशय कर्म, ब्रह्म यज्ञ और नवीन यज्ञोपवीत धारण सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए। देव, मनु और पितृ तर्पण के साथ सप्तर्षियों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। ब्राह्मण बटुकों को नवीन यज्ञोपवीत धारण कराया गया।

मंत्री चेतन व्यास ने कहा कि ऋषि पंचमी पर यह आयोजन वैदिक परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ब्राह्मण समाज के लोगों ने भाग लिया।

इसी क्रम में शास्त्री नगर स्थित क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र एवं विज्ञान पार्क में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्वानों का सम्मान किया गया। समाज सेवा, वैदिक क्षेत्र, संस्कृत, दर्शन, यज्ञ और युवा प्रतिभा सहित विभिन्न विधाओं में योगदान के लिए सुदामा शर्मा, वासुदेव शर्मा, प्रो. मदनमोहन झा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद शर्मा, प्रो. विष्णुकांत पांडेय, यज्ञाचार्य कृष्ण कुमार मिश्रा, राकेश टीलावत और पवन व्यास को सम्मानित किया गया। वहीं मुख्य अतिथि एस.डी. शर्मा ने ब्राह्मण समाज से सनातन संस्कृति के संरक्षण का आह्वान किया।

सारस्वत अतिथि प्रो. मदनमोहन झा ने ऋषि पंचमी के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि मोहन प्रकाश शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. लता श्रीमाली ने की। आयोजन में धार्मिक संस्कार, वैदिक परंपरा और विद्वानों के सम्मान का संगम देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here