राजस्थान में साइबर ठग बेखौफ: राज्य निर्वाचन आयुक्त के नाम से बनाई फेक सोशल मीडिया प्रोफाइल

0
31
Police headquarters issued advisory regarding cyber fraud
Police headquarters issued advisory regarding cyber fraud

जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों की गहमागहमी के बीच राज्य निर्वाचन आयुक्त एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह साइबर ठगों के निशाने पर आ गए हैं। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर हूबहू असली जैसी दिखने वाली फर्जी फेसबुक आईडी तैयार कर ली है। मामला संज्ञान में आते ही राज्य निर्वाचन आयुक्त ने तत्काल फेसबुक को रिपोर्ट करने के साथ ही अपने परिचितों और आमजन को सतर्क रहने की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को डॉ. राजेश्वर सिंह को अपनी इस फर्जी फेसबुक आईडी के बारे में पता चला। ठगों ने आईडी को असली रूप देने के लिए कवर फोटो के स्थान पर मुख्य सचिव (CS) के साथ डॉ. सिंह की तस्वीर लगा रखी है। इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई है और कुछ लोगों को जोड़ भी लिया गया है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि उन्होंने तुरंत साइबर टीम और फेसबुक को इसकी शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस फर्जी आईडी से किसी को मैसेज या पैसों की मांग का मामला सामने नहीं आया है, फिर भी एहतियात के तौर पर उन्होंने लोगों को आगाह किया है।

उन्होंने अपील की है कि यदि इस फर्जी प्रोफाइल से किसी भी प्रकार की फ्रेंड रिक्वेस्ट, पैसे मांगने का संदेश या कोई अन्य भ्रमित करने वाला मैसेज आए, तो उस पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और किसी भी संदेश की सत्यता की जांच जरूर करें।

गौरतलब है कि राजस्थान में नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों (IAS-IPS) के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाने व व्हाट्सएप DP लगाकर ठगी के प्रयास का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर साइबर अपराधी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here