व्यापारी को कार में बंधक बनाकर लूट करने वाली गैंग का पर्दाफाश

0
34
Gang that robbed a businessman after holding him hostage in a car busted.
Gang that robbed a businessman after holding him hostage in a car busted.

जयपुर। सोशल मीडिया के जरिए लोगों को झांसे में लेकर अपहरण और ऑनलाइन लूट की वारदातों को अंजाम देने वाली अंतरजिला गैंग का जयपुर पश्चिम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। चौमूं थाना क्षेत्र के जैतपुरा स्टैंड से एक किराना व्यापारी का कार में अपहरण कर मारपीट करने तथा उसके खाते से 56 हजार 796 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट वीडीआई कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि टोडावतों की ढाणी, अनंतपुरा निवासी सुनील टोडावता ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सुनील जैतपुरा में जनरल स्टोर एवं किराना की दुकान संचालित करता है। एक जून की रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद करने के दौरान एक युवक उससे मिला और बाद में अनंतपुरा जाने की बात कहकर उसे स्विफ्ट कार में बैठा लिया।

कार में बैठने के कुछ देर बाद रास्ते में दो अन्य युवक भी सवार हो गए। इसके बाद तीनों आरोपियों ने सुनील को बंधक बनाकर एनएच-52 से गोविंदगढ़ की ओर ले गए और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने मोबाइल का पासवर्ड पूछकर उसके फोन-पे खाते से 56 हजार 796 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद मोबाइल की दोनों सिम निकालकर उसे वापस दिया और हाडोता पुलिया के पास छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लूटे गए रुपए सीधे अपने खातों में नहीं मंगाते थे। वे पीड़ित के खाते से ऑनलाइन लूडो गेम में राशि ट्रांसफर करवाते और बाद में गेमिंग आईडी से रकम अपने खातों में विड्रॉ कर लेते थे, ताकि पुलिस को ट्रांजेक्शन ट्रेस करने में कठिनाई हो। इसके अलावा वारदात के समय कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी और घटना के बाद उसे हटाकर असली नंबर प्लेट लगा दी जाती थी।

घटना के बाद जैतपुरा व्यापार मंडल ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी प्रशांत किरण के निर्देशन, अतिरिक्त डीसीपी राजेश कुमार गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त अंजू यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी हरबेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों का पीछा कर भीलवाड़ा से बनवारी यादव (26) निवासी खुड, थाना लोसल (सीकर),दिनेश कुमार यादव (25) निवासी बानुड़ा, थाना जीणमाता (सीकर) तथा आकाश कुमावत (22) निवासी ज्योति नगर, थाना लोसल (सीकर) को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here