ई-रिक्शा में ध्यान भटकाकर 30 लाख के हीरे चुराने वाली गुजरात की गैंग का पर्दाफाश

0
69

जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने ई-रिक्शा और मिनी बस में यात्रियों का ध्यान भटकाकर चोरी करने वाली गुजरात की सक्रिय महिला गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपए कीमत के हीरे-जवाहरात और अन्य रत्न बरामद कर लिए हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने ई-रिक्शा और मिनी बस में यात्रियों का ध्यान भटकाकर चोरी करने वाली गुजरात की सक्रिय महिला गैंग की शातिर महिला शालू माली (25) और लक्ष्मी माली (65) निवासी अहमदाबाद (गुजरात) को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिलाओं का गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, मिनी बस, ऑटो और ई-रिक्शा में यात्रियों के पास बैठकर उनका ध्यान भटकाता था। इसी दौरान बैग या जेब से नकदी, जेवरात और कीमती सामान चोरी कर मौके से फरार हो जाता था। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है।

पुलिस ने आरोपियों से 210 नग कीमती रत्न और आभूषण बरामद किए हैं। इनमें 18 हीरे, 56 नीलम, 93 पुखराज, 28 माणिक, 8 ओपल, 5 मूंगा तथा 2 अन्य रत्न शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शालू माली के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि लक्ष्मी माली का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस दोनों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here