1.83 करोड़ के प्लॉट को हड़पने वाला हिस्ट्रीशीटर भूमाफिया घनश्याम गिरफ्तार

0
38
History-sheeter and land mafia operative Ghanshyam arrested for usurping a plot worth ₹1.83 crore.
History-sheeter and land mafia operative Ghanshyam arrested for usurping a plot worth ₹1.83 crore.

जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने भूखंड हड़पने, फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और डराने-धमकाने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाने के हिस्ट्रीशीटर और आदतन भूमाफिया घनश्याम शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर 1 करोड़ 83 लाख रुपए कीमत के 533 वर्ग गज के भूखंड को हड़पने की साजिश रची। इकरारनामे के स्टाम्प की पुश्त पर फर्जी लिखावट कर 1 करोड़ 50 लाख रुपए का नगद भुगतान दर्शाया और इसी आधार पर भूखंड पर कब्जे का प्रयास किया।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 40 वर्षीय आरोपी घनश्याम शर्मा निवासी सांगानेर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में मारपीट, जुआ, छेड़छाड़, गृह अतिचार, अवैध कब्जे और धोखाधड़ी सहित करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि मोहनपुरा, मानसरोवर निवासी लता शर्मा ने 21 फरवरी 2026 को इस्तगासा के जरिए मामला दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार ग्राम ग्वांर ब्राह्मणान, शिकारपुरा से दादिया रोड स्थित सचिवालय सिटी में उनके 533 वर्ग गज के आवासीय भूखंड संख्या ए-5 का सौदा घनश्याम शर्मा के साथ 1 करोड़ 83 लाख रुपए में तय हुआ था।

अनुबंध के तहत आरोपी की ओर से 20 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से और 1 लाख रुपए नकद दिए गए थे। शेष राशि का भुगतान तीन माह 21 दिन में करने के बाद भूखंड की रजिस्ट्री और कब्जा देने की बात तय हुई थी।

पुलिस के अनुसार इकरारनामा तैयार करवाते समय आरोपी ने पीड़िता के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान स्टाम्प की पुश्त पर भी करवा लिए थे। आरोप है कि इसके बाद घनश्याम ने अपने साथियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर स्टाम्प की पुश्त पर बिना कोई वास्तविक भुगतान किए फर्जी लिखावट कर दी। इसमें 1 करोड़ 50 लाख रुपए नकद भुगतान दर्शाया गया। इसी आधार पर आरोपी ने भुगतान की समय सीमा बढ़ाते हुए पीड़िता को डराने-धमकाने और भूखंड पर कब्जा करने का प्रयास किया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अनुसंधान शुरू किया।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित किशोर शर्मा के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू भवानी सिंह के मार्गदर्शन और थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल भरत सिंह, सांवलराम, पप्पूलाल और कमलेश तथा तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल लोकेश और रामसिंह को शामिल किया गया। टीम ने आरोपी घनश्याम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी से कूटरचित दस्तावेजों, साजिश में शामिल अन्य लोगों और पूरे मामले से जुड़े तथ्यों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार घनश्याम शर्मा सांगानेर सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ सांगानेर सदर, सांगानेर और बस्सी थानों में करीब 16 मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, जुआ, छेड़छाड़, गृह अतिचार, अवैध कब्जे और धोखाधड़ी जैसे प्रकरण शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here