जयपुर म्यूजिक फेस्टिवल 23-24 को, देशभर के 1000 कलाकार जयपुर में गाएंगे वंदे मातरम्

0
48
Jaipur Music Festival on the 23rd and 24th
Jaipur Music Festival on the 23rd and 24th

जयपुर। राजधानी में 23-24 मई को देशभर के एक हजार कलाकार एक स्वर में संपूर्ण वंदे मातरम् गाएंगे। शास्त्रीय-उप शास्त्रीय गायन-वादन के प्रमुख केन्द्र जयपुर संगीत महाविद्यालय की ओर से शास्त्रीनगर स्थित साइंस पार्क में होने वाले सांगीतिक अनुष्ठान की तैयारियां जोरशोर से चल रही है।

दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 1000 कलाकार कला, संगीत और संस्कृति के त्रिवेणी संगम में अपनी प्रस्तुतियों की डुबकी लगाएंगे। गुरुवार को कलाकारों ने झोटवाड़ा स्थित जयपुर संगीत महाविद्यालय में वंदे मातरम् को सही तरीके से गाने का अभ्यास किया।

महोत्सव का शुभारंभ 23 मई को प्रात: 11 बजे होगा तथा समापन 24 मई को दोपहर एक बजे किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में जयपुर संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वंदे मातरम् और मां तेरे चरणों में नमन जैसी विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

जयपुर संगीत महाविद्यालय के निदेशक डॉ. रामलाल शर्मा ने बताया कि यह महोत्सव संगीत, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का संगम होगा। इसमें कला प्रेमियों को विविध रंगों से सजे सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव प्राप्त होगा।

डेढ़ सौ से अधिक होंगी प्रस्तुतियां:

जयपुर म्यूजिक फेस्टिवल में गायन, वादन एवं नृत्य की सभी प्रमुख विधाओं की 150 से अधिक प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, सुगम संगीत, कथक, भरतनाट्यम तथा राजस्थान के पारंपरिक लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दर्शकों को भारतीय कला एवं संस्कृति की समृद्ध विरासत से परिचित कराएंगी।

महोत्सव के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ अभियान एवं राष्ट्रहित से जुड़े विशेष गीतों और सामूहिक प्रस्तुतियों से सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here