दो दर्जन झांकियों के साथ नगर भ्रमण पर निकले भगवान श्री परशुराम

0
46
Lord Shri Parashurama sets out on a city procession accompanied by two dozen tableaux.
Lord Shri Parashurama sets out on a city procession accompanied by two dozen tableaux.

जयपुर। चारदीवारी में गुरुवार को भगवान परशुराम जी के जयकारों से गूंजायमान हो उठी। अवसर था राजस्थान ब्राह्मण महासभा जयपुर महानगर के तत्वावधान में जलेब चौक से निकली भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा का। उत्सवी माहौल में बैंडबाजे की स्वर लहरियों के बीच निकली शोभायात्रा में भगवान परशुराम जी के जीवन से जुड़ी एवं अन्य दो दर्जन झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। शोभायात्रा को ब्रह्मपीठाधीश्वर काठिया परिवाराचार्य स्वामी रामरतन देवाचार्य महाराज के सान्निध्य में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रवाना किया।

केसरिया साफे में विप्र गणों के काफिले के साथ शोभायात्रा बड़ी चौपड़ पहुंची। यहां विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, मोती डूंगरी गणेश मंदिर के महंत कैलाश शर्मा, देवीशंकर, सुमन शर्मा ने महाआरती की। सांगानेरी गेट पर विधायक कालीचरण सर्राफ और रामचरण बोहरा ने आरती की।

हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य, राजस्थान ब्राह्मण महासभा के जयपुर महानगर अध्यक्ष मोहन प्रकाश शर्मा, एआईबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस डी शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष राधेश्याम जैमिनी, अर्चना शर्मा, डॉ महेश जोशी ने भी आरती कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

शोभायात्रा संयोजक हनुमान सहाय शर्मा और महासभा के महामंत्री शिव कुमार भारद्वाज ने बताया कि शोभायात्रा में 1100 महिलाएं एक समान गणवेश में मंगल गीत गाती चल रही थीं। महिला अध्यक्ष ज्योति शर्मा ने महिलाओं की अगवानी की। युवा अध्यक्ष पं. करण शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा जयघोष लगाते चल रहे थे। हाथी, घोड़े, ऊंट, बैंड ने शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए।

जगह-जगह हुआ पुष्प वर्षा से स्वागत

शोभायात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा और आरती कर स्वागत किया गया। विप्र कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष महेश शर्मा, पं सुरेश शास्त्री, ज्योतिषाचार्य पं पुरुषोत्तम गौड़, पं विनोद शास्त्री, राधेश्याम उपाध्याय, दिनेश शर्मा, जगननाथ शर्मा, दीक्षांत शर्मा, सुरेश शर्मा सहित अन्य गणमान्यजनों ने स्वागत किया। शोभायात्रा का समापन छोटी चौपड़ पर प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

झांकियों ने मोहा मन

भगवान श्री परशुराम जी की शोभायात्रा में विविध धार्मिक एवं पौराणिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहीं। शोभायात्रा में सबसे आगे प्रथम पूज्य श्री गणेश जी महाराज चल रहे थे।

उसके बाद शिव परिवार की झांकी थी। शिव ताण्डव करते हुए भगवान शिव, त्रिमुख शंकर भगवान, राधा गोविन्द, गणेश जी एवं परशुराम जी युद्ध, श्री शेरावाली मां, श्री हनुमान जी द्वारा सीना फाड़ते हुए दर्शन, श्री राधा कृष्ण जी, हनुमान जी के कंधे पर राम-लक्ष्मण, शिव जी की हथेली पर विराजित गणेशजी, श्रीराम दरबार, भगवान श्री परशुराम जी की झांकी, गणेश जी द्वारा महाभारत लेखन, नारायण दास जी महाराज की मूर्ति, गणेश मंदिर, पांच घोड़ों पर विराजमान गणेश जी तथा शिव-पार्वती की परिक्रमा करते हुए गणेश जी की झांकियां विशेष रूप से आकर्षण का केन्द्र रहीं। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्री परशुराम जी का मुख्य रथ रहा। इन झांकियों को देखने के लिए मार्ग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here