राजस्थान पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 141 आरपीएस अधिकारियों के तबादले

0
53

जयपुर। राजस्थान पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए पुलिस मुख्यालय ने उपाधीक्षक (आरपीएस) रैंक के 141 अधिकारियों के तबादले किए हैं। पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त महानिदेशक (कार्मिक) बीजू जॉर्ज जोसफ द्वारा जारी आदेशों के अनुसार प्रदेशभर में पुलिस वृत्ताधिकारियों (सीओ), एसीपी, साइबर क्राइम, महिला अपराध अनुसंधान सेल, एससी-एसटी सेल, आरएसी बटालियनों तथा अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।

तबादला सूची में जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर, नागौर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, सिरोही, अलवर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, करौली, धौलपुर, जैसलमेर और अन्य जिलों में व्यापक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
जयपुर कमिश्नरेट में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

हेमेंद्र शर्मा को एसीपी मानसरोवर, सत्येंद्र सिंह नेगी को एसीपी सोडाला, शिव कुमार भारद्वाज को एसीपी झोटवाड़ा, हरजीलाल यादव को एसीपी बस्सी, हंसराज बैरवा को एसीपी शास्त्री नगर, आदित्य पूनिया को एसीपी अशोक नगर, शिवरतन गोदारा को एसीपी रामगंज, सुरेंद्र सिंह को एसीपी आदर्श नगर तथा जुल्फिकार अली को एसीपी साइबर क्राइम जयपुर दक्षिण लगाया गया है। वहीं दीपक खंडेलवाल को एसीपी बगरू और राम सिंह को एसीपी मेट्रो जयपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं जयपुर ग्रामीण में लक्ष्मीनारायण सैनी को शाहपुरा, अनुपम मिश्रा को दूदू, मुकेश कुमार जोशी को सांभर, पन्नालाल जांगिड़ को जोबनेर तथा शिवा शर्मा को गोविंदगढ़ का वृत्ताधिकारी नियुक्त किया गया है। शीशराम मीणा को दौसा जिले के नांगल राजावतान तथा सुरेंद्र कुमार को लालसोट की जिम्मेदारी दी गई है।

इधर तबादला आदेशों के तहत भवानी सिंह को साइबर क्राइम फलौदी, बृजेश कुमार को साइबर क्राइम धौलपुर, गोपाललाल को साइबर क्राइम बांसवाड़ा तथा अनिल पुरोहित को साइबर क्राइम ब्यावर में उपाधीक्षक नियुक्त किया गया है। मेघा गोयल को सतर्कता शाखा पुलिस मुख्यालय जयपुर में उपाधीक्षक बनाया गया है।

इसके अलावा विभिन्न जिलों में महिला अपराध अनुसंधान सेल और एससी-एसटी सेल में भी अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं। उदयसिंह मीना को एससी-एसटी सेल कोटा ग्रामीण, घनश्याम मीना को एससी-एसटी सेल करौली तथा बद्रीलाल भांड को एससी-एसटी सेल सिरोही में लगाया गया है।

वहीं विकास कुमार को महिला अपराध अनुसंधान सेल नागौर, दिलीप मीना को महिला अपराध अनुसंधान सेल अलवर और गोमाराम को महिला अपराध अनुसंधान सेल अजमेर में नियुक्त किया गया है और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में भी अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं। रमेश कुमार पारीक, ओमप्रकाश मीणा और सुरेश कुमार स्वामी को उपाधीक्षक, जेडीए जयपुर लगाया गया है।

राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (आरएसी) की विभिन्न बटालियनों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राजेश कुमार टेलर को द्वितीय बटालियन आरएसी कोटा, बाबूलाल विश्नोई को महाराणा प्रताप बटालियन प्रतापगढ़, संजीव कटेवा को 9वीं बटालियन आरएसी टोंक तथा मुकेश कुमार चौधरी को भी 9वीं बटालियन आरएसी टोंक में सहायक कमांडेंट नियुक्त किया गया है। साथ ही बूंदी जिले में भी अहम बदलाव किए गए हैं।

कई महीनों से रिक्त चल रहे बूंदी शहर वृत्ताधिकारी पद पर अनिल कुमार जोशी को नियुक्त किया गया है। ओमप्रकाश को नैनवां का उपाधीक्षक बनाया गया है। तालेड़ा वृत्ताधिकारी राजेश कुमार टेलर का तबादला आरएसी कोटा में सहायक कमांडेंट पद पर किया गया है, जबकि उनकी जगह संजय कुमार आर्य को तालेड़ा का नया सीओ नियुक्त किया गया है। एपीओ चल रहे अरुण कुमार को कोटा ग्रामीण का पुलिस उपाधीक्षक लगाया गया है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह तबादला सूची प्रशासनिक आवश्यकता, कानून-व्यवस्था की मजबूती, पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार तथा विभिन्न इकाइयों में कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से जारी की गई है। बड़े पैमाने पर हुए इस फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों और पुलिस इकाइयों में नई कार्यशैली और बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here