किडनैपिंग की बड़ी वारदात टली: तीन थानों की पुलिस और ऑटो ड्राइवर नवल ने मासूम को बचाया

0
38
Impostor Baba kidnapped minor girl
Impostor Baba kidnapped minor girl

जयपुर। सिंधी कैंप बस स्टैंड से मंगलवार रात तीन साल की एक मासूम के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी मासूम को टॉफी दिलाने के बहाने मां के पास से ले गया। हालांकि, एक ऑटो-रिक्शा चालक की सतर्कता से पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपी चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार मूल रूप से बारां जिले का रहने वाला है और वर्तमान में जयपुर के बगरू इलाके में रहता है। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे बच्ची की मां और नानी बारां जाने वाली बस में बैठी हुई थीं।

बस में पास ही बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला से बातचीत शुरू की और परिवार का भरोसा जीत लिया। इसके बाद वह बच्ची को टॉफी दिलाने का झांसा देकर बस से नीचे दुकान की ओर ले गया और वहीं से पैदल-पैदल गायब हो गया। जब 10 मिनट तक बच्ची वापस नहीं आई तो मां ने रोना-चिल्लाना शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर के तीन थानों की पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई।

बच्ची की बरामदगी में एक ऑटो चालक की सतर्कता बेहद काम आई। पीतल फैक्ट्री के पास से गुजर रहे ऑटो-रिक्शा चालक नवल की नजर बच्ची के साथ जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। रात के समय परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर नवल ने ऑटो रोककर उस व्यक्ति से पूछताछ की। ऑटो चालक के टोकते ही आरोपी घबरा गया और बच्ची को वहीं ऑटो में छोड़कर मौके से फरार हो गया।नवल ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और मासूम की मां मौके पर पहुंचे, जहां बच्ची को पहचान कर उसकी मां को सौंप दिया गया।

सिंधी कैंप बस स्टैंड के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से अपहृत हुई मासूम के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। वहीं, फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here