जयपुर। चौमूं राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम राजावास स्थित निरंकारी सत्संग भवन के पास एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। जयपुर से चौमूं की ओर जा रही एक तेज रफ्तार सवारी गाड़ी के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे अनियंत्रित होकर वाहन सड़क किनारे स्थित दीवार से जा टकराया। हादसे के वक्त गाड़ी में 15 से अधिक यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी सुरक्षित बच गए।
बताया जा रहा है कि वाहन जयपुर से चौमूं की तरफ जा रहा था। निरंकारी सत्संग भवन के सामने अचानक ब्रेक फेल होने से ड्राइवर का नियंत्रण छूट गया और गाड़ी सीधे दीवार में जा घुसी। टक्कर के बाद गाड़ी से अचानक धुआं निकलने लगा। इसे देखकर मौके पर कुछ देर के लिए चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सीधा किया और उसमें फंसे सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग की इमरजेंसी एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। प्राथमिक जांच में केवल एक महिला यात्री को हल्की चोट आने की बात सामने आई, जबकि बाकी सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। चिकित्सकीय जांच के बाद यात्रियों को राहत महसूस हुई और वे अन्य वाहनों से अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए। बाद में स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु करवाया।



















