मोदी के 25 साल के सेवाकाल की गाथा जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा

0
37
The BJP will take the story of Modi's 25-year tenure of service to the masses.
The BJP will take the story of Modi's 25-year tenure of service to the masses.

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ चलाएगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को हुई प्रदेश कार्यशाला में अभियान की तैयारियों, कार्यक्रमों और संगठनात्मक रूपरेखा पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को सेवा का माध्यम मानकर गरीब, युवा, महिला और किसान के उत्थान तथा देश का गौरव बढ़ाने का कार्य किया है। वर्ष 2014 के बाद भारत में व्यापक परिवर्तन आया है। अभियान के जरिए विकास और जनकल्याण की उपलब्धियों को नई पीढ़ी और आमजन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अभियान के दौरान प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल और उल्लेखनीय कार्यों को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

अभियान की क्षेत्रीय प्रभारी एवं राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार ने बताया कि अभियान के तहत 13 प्रकल्पों में कार्यक्रम होंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सपनों का भारत—सेवा चित्र’, ‘नमो सेवा गाथा—सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’, ‘जन सेवा महाकुंभ’, ‘रक्तदान महादान’ और ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ शामिल हैं। कार्यक्रम प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक होंगे।

इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत विशेष रूप से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाए जाएंगे। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ में नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम व अभिनंदन तथा ‘कहानी बदलाव की’ में जनकल्याणकारी कार्यों और बदलावों को सार्वजनिक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत पवित्र नदियों के जल से हाटकेश्वर महादेव और काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। अन्य प्रकल्पों के माध्यम से भी प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा एवं जनहितकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि अभियान के लिए प्रदेश से बूथ स्तर तक टोलियां बनाकर कार्य किया जाएगा। मंत्रियों, संगठन पदाधिकारियों और संबंधित जिलों के सदस्यों को विभिन्न अभियानों की जिम्मेदारी दी गई है। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और दिया कुमारी सहित कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर, जोगाराम कुमावत, मंजू बाघमार, सुमित गोदारा, संजय शर्मा, सुरेश रावत, अविनाश गहलोत, गौतम दक और हेमंत मीणा सहित प्रदेश पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस कार्यशाला में मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद एवं ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ के राष्ट्रीय प्रभारी वी.डी. शर्मा तथा उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा मौजूद रहे। संचालन भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने किया। प्रदेश संयोजक एवं महामंत्री कैलाश मेघवाल ने प्रस्तावना रखी और महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम ने आभार जताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here