जयपुर। आस्था के पावन केंद्र श्री अमरापुर स्थान जयपुर में रविवार को विश्व फिजियोथैरेपी दिवस के अवसर पर अमरापुर सेवा समिति के तत्वावधान में नि:शुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर फिजियोथेरेपी सेवाओं का लाभ लिया। शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ सुबह 9 बजे पूज्य स्वामी मनोहर लालजी महाराज एवं पूज्य स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में वरिष्ठ चिकित्सकों ने फिजियोथेरेपी पद्धति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से लंबे समय से चले आ रहे शारीरिक दर्द, घुटनों और कमर के दर्द सहित कई समस्याओं में उपचार एवं राहत मिल सकती है। चिकित्सकों ने फिजियोथेरेपी को कई प्रकार के शारीरिक दर्द के उपचार में उपयोगी बताया। संतों ने शिविर में सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों को आशीर्वाद दिया।
अमरापुर स्थान में रविवार को चंद्र दर्शन (चंड पर्व) भी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। भगवान श्री झूलेलाल जी के अवतरण चंद्र दर्शन के अवसर पर सुबह भगवान झूलेलाल की ज्योति प्रज्वलित की गई और मीठे चावल का भोग लगाया गया।
पूज्य संत मोहन प्रकाश महाराज ने बताया कि चंड पर्व के अवसर पर भगवान झूलेलाल की आराधना के साथ विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। शाम को संकीर्तन मंडली की ओर से संकीर्तन किया गया। इस दौरान ‘जय झूले, जय झूले, जय जय झूलेलाल’ के जयघोष से अमरापुर स्थान का वातावरण भक्तिमय हो गया। संतों ने श्रद्धालुओं को भगवान झूलेलाल के आदर्शों और भक्ति मार्ग पर चलने का संदेश दिया।



















