जयपुर। गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर शहर के गणेश मंदिरों में धार्मिक आयोजनों की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में नाहरगढ़ रोड स्थित जय गणेश मंदिर में तीन दिवसीय गणेश महोत्सव के तहत रविवार को सिंजारा उत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
आचार्य पं. अनूप जोशी ने बताया कि सिंजारा उत्सव के अवसर पर भक्तों ने जय गणेश को मेहंदी अर्पित की। इसके बाद मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं को भी मेहंदी लगाई गई। वहीं गणपति सहस्रनामावली के पाठ के बीच भगवान गणेश को लड्डू अर्पित किए गए। इस दौरान मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और गणपति भक्ति से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नूतन पोशाक में सजेगा गणेश दरबार
मंदिर में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी का मुख्य आयोजन होगा। इस अवसर पर गणेशजी महाराज को नूतन पोशाक धारण कराई जाएगी। साथ ही मानक मोती-पन्ना का कंठहार धारण करवाया जाएगा। विशेष पूजन और आकर्षक श्रृंगार के बाद भगवान गणेश के समक्ष ऋतु फल, मेवे और मोदकों की भव्य झांकी सजाई जाएगी।
तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान मंदिर में लगातार धार्मिक आयोजन होंगे। मंत्रोच्चार, पूजन और भक्ति कार्यक्रमों से मंदिर परिसर में गणपति भक्ति का माहौल बना रहेगा।



















