जयपुर। जयपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए प्रताप नगर क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 109 ग्राम स्मैक और तस्करी से प्राप्त 75 हजार 900 की नकद राशि बरामद की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे ड्रग्स नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि सीएसटी/एनडीपीएस यूनिट और प्रताप नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। जहां टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमित मलावत को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित मलावत पुत्र पनमल मलावत, निवासी ग्राम अलीपुर, जिला टोंक (हाल निवासी खुसर विस्तार योजना, बालाजी मार्केट, प्रताप नगर, जयपुर) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 109 ग्राम स्मैक तथा नशे की बिक्री से प्राप्त 75 हजार 900 नकद बरामद कर जब्त किए गए हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रताप नगर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी।
जयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



















