जयपुर। आरसीडब्ल्यूएस की ओर से आयोजित होने वाले मैंगो फेस्टिवल 2026 का पोस्टर शुक्रवार को ड्रीम इम्पैक्ट स्कूल में लॉन्च किया गया। इस दौरान आरसीडब्ल्यूएस के सदस्यों ने स्कूल के प्रतिभाशाली बच्चों के साथ समय बिताया और आत्मीय संवाद किया।
इस कार्यक्रम में बच्चों और अतिथियों को हापुस, केसर और बंगनपल्ली सहित विभिन्न प्रसिद्ध आमों का स्वाद चखाया गया। साथ ही बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोज मुदगिल मौजूद रहे।
आरसीडब्ल्यूएस की फाउंडर संयोगिता शर्मा एवं दीपम शर्मा ने बताया कि मुख्य “मैंगो फेस्टिवल 2026” का आयोजन 21 जून को आरआईसी में शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फेस्टिवल में हापुस, केसर, बंगनपल्ली, दशहरी, लंगड़ा और चौसा सहित 20 से अधिक प्रजातियों के आमों का प्रदर्शन और स्वाद उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा “आम और सेहत” विषय पर विशेषज्ञों की स्वास्थ्य वार्ता, मैंगो क्वीन अवार्ड प्रतियोगिता तथा ड्रीम इम्पैक्ट स्कूल सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजन का मुख्य आकर्षण होंगी।
आयोजकों ने बताया कि फेस्टिवल का उद्देश्य स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा देना और फलों के राजा आम की विविधता व पोषण संबंधी गुणों से लोगों को परिचित कराना है।


















