जयपुर। श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति के तत्वावधान में भांकरोटा स्थित एक निजी विद्यालय में आध्यात्मिक एवं खेल प्रोत्साहन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समिति के संस्थापक संत अमरनाथ महाराज के पावन सानिध्य में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अर्थ सहित श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। कार्यक्रम के दौरान संत अमरनाथ महाराज ने विद्यार्थियों को श्री हनुमान चालीसा के आध्यात्मिक, मानसिक और व्यावहारिक महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनने और हनुमान जी के गुणों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों को हनुमान चालीसा को समझने और उसके मर्म को जानने के लिए अर्थ सहित श्री हनुमान चालीसा की पुस्तकें भेंट की गईं।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में खेल प्रतिभाओं का भी उत्साहवर्धन किया गया। हाल ही में आयोजित टूर्नामेंट में द्वितीय स्थान हासिल करने पर विद्यालय की कबड्डी टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। टीम के कोच भगवान सहाय चौधरी सहित सभी विजेता खिलाड़ियों को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस गरिमामय समारोह में आध्यात्मिक और शैक्षणिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियाँ मौजूद रहीं। रामस्वरूप यादव (संरक्षक, श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति),मनोज शर्मा (डायरेक्टर, विद्यालय),अनुपम शर्मा (डायरेक्टर, विद्यालय), निर्मला शर्मा (प्रिंसिपल, विद्यालय) कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के आभार और खिलाड़ियों के उल्लासपूर्ण वातावरण के साथ हुआ।



















