ग्यारह साल से फरार पांच हजार का इनामी महाठग गिरफ्तार

0
58

जयपुर। बनीपार्क थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों और इनामी बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 11 वर्षों से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी और स्थायी गिरफ्तारी वारंटी आरोपी राजाराम प्रजापत उर्फ राजाराज प्रजापत (32) निवासी कालवाड़ जयपुर हाल झोटवाड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र के पांच से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने “सनड्रिम हाउस लैंड डवलपर्स” और “सुंदरम हाउसेस एंड लैंड डवलपर्स” नाम से फर्म बनाकर लोगों को फ्लैट बेचने के नाम पर करीब दो करोड़ रुपए के इकरारनामे किए और लगभग डेढ़ करोड़ रुपए वसूल लिए। बाद में उन्हीं फ्लैटों की अन्य लोगों के नाम रजिस्ट्री कर दी।

उधर मामले दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए असम भाग गया, जहां वह करीब पांच से छह साल तक छिपा रहा। बाद में जयपुर लौटकर अलग-अलग स्थानों पर नाम और ठिकाने बदलकर किराए से रहने लगा। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैन्युअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी को ट्रेस कर मुरलीपुरा क्षेत्र स्थित सोनी का बाग इलाके से गिरफ्तार किया है।

बनीपार्क थानाधिकारी मनोज बेरवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बनीपार्क, वैशाली नगर सहित करधनी थाना में भी धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले दर्ज हैं। लंबे समय तक अदालत में पेश नहीं होने पर न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। लगातार फरारी के चलते डीसीपी पश्चिम ने 8 अगस्त 2025 को आरोपी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। आशंका जताई जा रही है कि फरारी के दौरान आरोपी ने जयपुर और आसपास के जिलों में फर्जी नामों से जमीन और फ्लैटों से जुड़ी अन्य ठगी की वारदातों को भी अंजाम दिया हो सकता है। पुलिस को पूछताछ में कई और मामलों के खुलासे की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here