मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने किया राजस्थान गृह रक्षा प्राथमिकताएँ-2026 पुस्तिका का विमोचन

0
54
Minister Babulal Kharadi released the 'Rajasthan Home Guard Priorities-2026' booklet.
Minister Babulal Kharadi released the 'Rajasthan Home Guard Priorities-2026' booklet.

जयपुर । जनजातीय क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग के मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने मंगलवार को निदेशालय गृह रक्षा जयपुर में गृह रक्षा विभाग की व्यापक समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों, स्वयंसेवकों के कल्याण तथा संगठन के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में महानिदेशक गृह रक्षा मालिनी अग्रवाल, महानिरीक्षक गृह रक्षा राजेश मीना, शासन उप सचिव गृह (आ.प्र.) सोविला माथुर, गृह विभाग के सलाहकार कैलाश चौधरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने गृह रक्षा संगठन की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें स्वयंसेवकों के नियोजन, प्रशिक्षण व्यवस्था, विभागीय प्रबंधन प्रणाली, प्रशासनिक सुधारों तथा संगठन को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। साथ ही होमगार्ड स्वयंसेवकों को मुख्यधारा में अधिक प्रभावी रूप से नियोजित करने के विभिन्न प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विभागीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयंसेवक का अर्थ है स्वप्रेरणा से समाज और राष्ट्र की सेवा करना। उन्होंने कहा कि गृह रक्षा स्वयंसेवक अल्प मानदेय के बावजूद कोरोना महामारी, बाढ़, आगजनी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।

इस अवसर पर मंत्री ने राजस्थान गृह रक्षा प्राथमिकताएँ-2026 पुस्तिका का विमोचन भी किया। उन्होंने शहरी गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन में होमगार्ड डिप्लॉयमेंट मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर के माध्यम से अपनाई जा रही पारदर्शी व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए इसे विभागीय सुधारों की महत्वपूर्ण पहल बताया।

मंत्री ने स्वयंसेवकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कहते हुए विभागीय कल्याण कोष से जुड़े मामलों, दैनिक भत्ते तथा अन्य लंबित प्रस्तावों का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। साथ ही गृह रक्षा स्वयंसेवकों के रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नामांकन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here