जयपुर। विश्व जागृति मिशन के संस्थापक और देश के जाने-माने आध्यात्मिक धर्माचार्य सुधांशु जी महाराज की प्रेरणा से जयपुर मंडल द्वारा संचालित विशेष प्रकल्प -बाल संस्कार केन्द्र के तहत मातृ दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों के लिए निबंध, स्लोगन और कविता लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इनमें में रोहित कुमार, गुड्डु कुमार एवं अंजलि की रचनाएं श्रेष्ठ रही, इनको मंडल के प्रधान मदन लाल अग्रवाल और बाल संस्कार केन्द्र की संचालक डॉ मधु शर्मा ने पुरस्कृत किया।
बाल संस्कार केन्द्र के प्रतिभागियों साक्षी पटेल, समीर मंडल, राहुल कुमार, सागर, विक्रम, विवेक चौधरी, मीनाक्षी कुमारी, कृष्ण, दिव्यंका, पूर्व, सक्षम, काव्यांश, द्रवित, लक्ष्य, लड्डू और पिंटू सहित नन्हें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनाओं के माध्यम से ‘मां‘ और मातृ शक्ति की वंदना के विषय में श्रद्धा और भाव उजागर किए। बच्चों ने कार्यक्रम में मौजूद मातृ शक्ति और बुजुर्ग महिलाओं के सामाजिक योगदान के प्रति कृतज्ञता, आदर और सम्मान व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर मंडल पदाधिकारियों द्वारा बुजुर्ग महिलाओं को विशेष सम्मान दिया गया, वहीं हवन, पूजा, आरती और भंडारा का भी आयोजन किया गया। आचार्य मोहन लाल शास्त्री और विष्णु कुमार शर्मा के सानिध्य में हुए हवन में विशेष रूप से महामृत्युंजय मंत्र की आहुतियां देकर मातृ शक्ति और बुजुर्गों की दीघार्यु और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की गई। मातृ दिवस कार्यक्रम की गतिविधियों की तैयारी और संचालन में इंदु भार्गव, पुष्पा शर्मा और पूर्वा मित्तल का विशेष सहयोग रहा।



















