मुहाना थाने का कांस्टेबल 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
43

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन विंग ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए जयपुर दक्षिण के मुहाना थाना क्षेत्र में तैनात इमरजेंसी रिस्पॉन्स-112 के कांस्टेबल नोरत मीणा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में दूसरा आरोपी कांस्टेबल सुरेश चौधरी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि स्पेशल इन्वेस्टिगेशन विंग को शिकायत मिली थी कि मुहाना थाने के कांस्टेबल नोरत मीणा और सुरेश चौधरी ने परिवादी के पड़ोसी दुकानदार की शिकायत पर उसके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में मामला दर्ज कराने का भय दिखाया। साथ ही कार्रवाई नहीं करने, मुहाना मंडी स्थित उसकी फल-सब्जी की दुकान का सामान नहीं उठाने तथा दुकान को निर्बाध रूप से संचालित होने देने की एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत का 21 जून 2026 को गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान दोनों आरोपियों और परिवादी के बीच 20 हजार रुपए रिश्वत देने पर सहमति बनी। इसके बाद एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबरमल के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक बाबूलाल गुर्जर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल नोरत मीणा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी कांस्टेबल सुरेश चौधरी मौके से फरार हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here