जयपुर। सर्व आश्रम फाउंडेशन के तत्वावधान तथा ‘डी डी ग्रुप’ के सहयोग से संचालित तीन दिवसीय अष्टोत्तरशत (108) श्री हनुमंत कथा श्रृंखला के अंतर्गत 65वीं श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन 24 से 28 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन सांगानेर स्थित डिग्गी-मालपुरा रोड पर मदरामपुरा के श्री बालाजी मंदिर में संपन्न होगा। कथा का समय प्रतिदिन प्रातः 11से दोपहर 2 बजे तक रहेगा।
आयोजन के दौरान व्यासपीठ से पूज्य अकिंचन महाराज श्रद्धालुओं को प्रभु श्री राम और हनुमान जी की महिमा का रसपान कराएंगे। प्रवक्ता कृष्ण स्वरूप बूब ने बताया कि इस कथा श्रृंखला का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम एवं श्रीहनुमान जी के उच्च आदर्शों का प्रसार व जन-जन तक भक्ति, निष्काम सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित का संदेश पहुंचाना है।
कथा के दौरान प्रतिदिन विशेष भजन-कीर्तन, प्रभु संकीर्तन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के इस पावन कथा में शामिल होकर धर्म लाभ उठाने की संभावना है, जिसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



















