जयपुर। झोटवाड़ा थाना इलाके में महिला से छेड़छाड़ कर रहे युवक को पकड़ा तो उसने पेपर कटर से खुद का गला काट लिया। लहूलुहान हालत में पुलिस ने युवक को कांवटिया अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना शुक्रवार को सुबह 8 बजे की है। युवक हत्या के मामले में तिहाड़ जेल जा चुका था। पिछले दिनों ही जेल से बाहर आया था।
थानाधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की पहचान आनंद शर्मा (35) निवासी बानसूर (अलवर) के रूप में हुई है। वह झोटवाड़ा के जोशी मार्ग पर रहता था। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए हैं। पिछले एक सप्ताह से आनंद महिला सफाईकर्मी का पीछा कर छेड़छाड़ कर रहा था। महिला सफाईकर्मी ने अपने पति को इस बारे में बताया था। महिला सफाईकर्मी के काम पर जाने के दौरान पति ने ध्यान रखना शुरू किया था। शुक्रवार को नशे में आनंद ने रोज की तरह महिला सफाईकर्मी से छेड़छाड़ की।
इसी दौरान महिला के पति ने उसको पकड़ लिया। कहासुनी होने पर युवक धक्का देकर भाग गया। महिला से छेड़छाड़ करने की आवाज लगाकर पीछा करने पर लोगों ने उसको पकड़ लिया। लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के हवाले करने की कहने पर उसने पेपर कटर से खुद का गला काट लिया। पेपर कटर से चार-पांच बार गला रेतने से खून बहने लगा। खून बहता देखकर लोगों ने उसे छोड़ दिया।
देखते ही देखते कुछ ही देर में गले से निकल रहे खून से वह पूरी तरफ लहूलुहान हो गया। जिसे देखकर लोग वहां से भाग गए। हाथ में पेपर कटर लेकर आनंद भी उनके पीछे दौड़ा। लहूलुहान हालत में भागते हुए बोलता रहा था कि आओ अब पकड़ो। महज 20 मीटर दूर तक भागने के बाद वह निढाल होकर सड़क किनारे गिर गया।
पुलिस की प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि युवक मर्डर के मामले में तिहाड़ जेल में बंद था। कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। दिल्ली में मर्डर और जेल से बाहर आने के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आनंद जयपुर में रहकर मूर्तियां बनाने का काम करता था।