जयपुर। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिनदहाड़े सूने मकान में हाथ साफ करने वाले एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई पूरी रकम भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि नाहरगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी करने वाले एक शातिर नबकजन इब्राहिम (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपित मूल रूप से नाहरी का नाका शास्त्रीनगर जयपुर का रहने वाला है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय रिहायशी इलाकों में घूमकर सुनसान और सूने मकानों की रेकी करता है और मौका मिलते ही चंद मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता है।
थानाधिकारी दशरथ ने बताया कि पकडा गया आरोपी इब्राहिम आदतन अपराधी और शातिर नकबजन है। उसके खिलाफ पूर्व में भी जयपुर के विभिन्न थानों (विशेषकर शास्त्री नगर) में चोरी, आरपीजीओ और एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 5 से 6 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी से शहर में हुई अन्य चोरियों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे कई अन्य वारदातों के खुलासे होने की पूरी संभावना है।



















