जयपुर। राजधानी में युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वाले अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ जयपुर पुलिस कमिश्ररेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए सूडान के दो विदेशी नागरिकों को अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत की गई।
पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन तथा विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओम प्रकाश के निर्देशन में सीएसटी टीम को नशा तस्करी से संबंधित पुख्ता सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर सीएसटी और रामनगरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रामनगरिया थाना क्षेत्र स्थित एसके आईटी कॉलेज के गेट नंबर-3 के सामने घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो विदेशी नागरिकों को रोककर तलाशी ली।
जिसमें उनके कब्जे से 11.95 ग्राम अवैध ड्रग एमडीएमए बरामद की गई। पुलिस ने मामले में सूडान निवासी मोहम्मद अलफातिह (21) निवासी करारी, सूडान हाल निवासी रामनगरिया जयपुर तथा एलवालिद अब्देलगादिर निवासी सूडान हाल रामनगरिया जयपुर को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी जयपुर में यह मादक पदार्थ किन छात्रों और स्थानीय पैडलर्स को सप्लाई करने वाले थे। साथ ही पुलिस ड्रग्स तस्करी के तार दिल्ली और अन्य राज्यों के ड्रग माफियाओं से जुड़े होने की भी जांच कर रही है।



















