जयपुर। आमेर रोड विकास समिति जयपुर द्वारा गुरुवार को चित्रकूट पार्क में बेजुबान पक्षियों के लिए “परिंडा वितरण एवं परिंडा बांधो” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के लिए गर्मी में जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिंडे लगाए गए तथा उपस्थित लोगों को अपने घरों पर परिंडे लगाने के लिए वितरण भी किया गया। समिति की ओर से चलाए जा रहे “परिंडा लगाओ अभियान” के तहत कुल 501 परिंडे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
समिति के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि पिछले 19 वर्षों से यह सेवा कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में छतों और बालकनी में पक्षियों के लिए दाना-पानी रखना आवश्यक है, ताकि बेजुबान पक्षियों को राहत मिल सके।
महामंत्री दिनेश गुप्ता ने बताया कि बढ़ते पर्यावरण परिवर्तन और भीषण गर्मी को देखते हुए यह अभियान पक्षियों की प्यास बुझाने और उनके संरक्षण के लिए चलाया जा रहा है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष दौलत त्रिलोकानी एवं एडवोकेट रमाकांत शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना सभी की जिम्मेदारी है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकूट पार्क एवं नगर निगम कॉलोनी के विभिन्न पार्कों में परिंडे लगाए गए तथा वितरण किया गया।



















