जयपुर। ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित अतिप्राचीन दाहिनी सूंड़ दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेशजी महाराज मंदिर में बुधवार को बुध-पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। मंदिर परिवार की ओर से प्रथम पूज्य भगवान गणपति का दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की गई।
मंदिर युवाचार्य पंडित मानव शर्मा ने बताया कि प्रातः 11 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर महंत पंडित जय शर्मा के सान्निध्य में भगवान गजानंद का दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक संपन्न कराया गया। इसके बाद भगवान गणेश को नवीन पोशाक धारण कराई गई तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई।
उन्होंने बताया कि सायंकाल भगवान गणेश की महाआरती 251 दीपकों से की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख, समृद्धि और विघ्नों के निवारण की कामना की। इस अवसर पर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि एवं विघ्ननिवारण का प्रतीक रक्षा सूत्र भी वितरित किए गए। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर मंगलकामनाएं कीं।



















