नामांतरण खोलने की एवज में रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

0
29
Patwari arrested for accepting bribe to initiate land mutation.
Patwari arrested for accepting bribe to initiate land mutation.

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर ने राजसमंद जिले में कार्रवाई करते हुए पटवारी राहुल कुमार शर्मा को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवार हल्का सेमा एवं अतिरिक्त चार्ज बड़ा भाणुजा, तहसील खमनोर में कार्यरत है।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि दानग्रहीता भूमि की रजिस्ट्री करवाने के बाद नामांतरण खोलने की एवज में आरोपित पटवारी ने 7 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी राहुल कुमार शर्मा ने परिवादी से 1 हजार रुपये पहले ही ले लिए थे तथा शेष 4 हजार रुपये ट्रैप कार्रवाई के दौरान लेने तय हुए थे।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर की प्रभारी डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सिंह और उनकी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।

इस कार्रवाई के दौरान आरोपित पटवारी ने एसीबी टीम को देखकर रिश्वत की राशि अपने सरकारी आवास के टॉयलेट में बनी डब्ल्यूसी में फेंक दी। बाद में आरोपी की निशानदेही पर राशि बरामद कर ली गई। एसीबी ने आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here