जयपुर। जयपुर के आराध्य देव श्री गोविंद देवजी महाराज मंदिर में रविवार को द्वितीय ज्येष्ठ कृष्ण (अधिक) सप्तमी के अवसर पर भव्य फूल बंगला झांकी सजाई गई। ‘फूल को डोल मनोरथ’ के तहत आयोजित विशेष झांकी के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और हजारों भक्तों ने ठाकुरजी के अलौकिक दर्शनों का लाभ उठाया।
श्रीमन्माध्व गौड़ेश्वर आचार्य महंत श्री अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में आयोजित इस विशेष आयोजन में ठाकुर श्री गोविंद देवजी महाराज एवं राधारानी को विभिन्न प्रकार के सुगंधित पुष्पों से निर्मित विशेष पोशाक धारण करवाई गई। साथ ही फूलों से बने आकर्षक आभूषणों और अलंकारों से उनका मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विशेष झांकी में सिंहासन को लीला दर्शन श्रृंखला के रूप में सजाया गया था। इसमें माता यशोदा द्वारा बाल स्वरूप ठाकुरजी को वात्सल्य भाव से माखन खिलाने के दृश्य का सजीव प्रस्तुतीकरण किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर प्रशासन के अनुसार वर्तमान में आयोजित की जा रही लीलाएं गौड़ीय परंपरा के अनुरूप पूर्व आचार्यों द्वारा रचित पदावलियों पर आधारित हैं।
मंदिर प्रशासन ने आगामी जलयात्रा उत्सव श्रृंखला के विशेष दर्शनों की समय-सारणी भी जारी की है। इसके अनुसार परमा एकादशी पर 11 जून को तथा अमावस्या पर 15 जून को विशेष दर्शन प्रातः 11:15 बजे से 11:45 बजे तक होंगे।



















