स्कूटी टकराने पर पिकअप ड्राइवर को रोका: 8-10 साथियों को बुलाकर की मारपीट

0
27

जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में स्कूटी और पिकअप की टक्कर के बाद स्कूटी सवार दो युवतियों ने अपने साथियों को बुलाकर पिकअप चालक से मारपीट कर लूटपाट कर दी। आरोप है कि युवतियों ने पहले चालक का कॉलर पकड़कर पिकअप को साइड में खड़ा करवाया। इसके बाद मोबाइल से कॉल कर 8-10 युवकों को बुलाया, जिन्होंने चालक से डंडे और हेलमेट से मारपीट की। बदमाश पिकअप में तोड़फोड़ करने के बाद चालक की जेब से 47 हजार रुपए और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

एएसआई राजाराम ने बताया कि गोनेर मोड़, सचिवालय नगर निवासी मुरली चौधरी (22) पिकअप चलाता है। उसने रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार रात करीब 7:45 बजे वह पिकअप लेकर घर लौट रहा था। गोनेर मोड़ की तरफ से सर्विस रोड पर दो युवतियां स्कूटी से आ रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पिकअप से टकरा गई और दोनों सड़क पर गिर गईं।

मुरली ने पिकअप रोककर नीचे उतरकर दोनों को संभाला। दोनों को चोट नहीं लगी थी, लेकिन स्कूटी चला रही युवती ने उसका कॉलर पकड़ लिया और डराते-धमकाते हुए पिकअप को साइड में खड़ा करवा दिया। इसके बाद दोनों युवतियों ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।

कुछ देर बाद बाइक और स्कूटी से पहुंचे 8-10 युवकों ने मुरली से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने मुक्कों के साथ डंडे और हेलमेट से हमला किया। मारपीट के दौरान पिकअप में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद उसकी जेब में रखे 47 हजार रुपए और मोबाइल निकालकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उसका मेडिकल करवाकर हमलावरों और दोनों युवतियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here