जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को वारदात के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वहीं गोपालपुरा मोड़ स्थित एक रेस्तरां में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर दबिश देकर दो संचालकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से चार हुक्के, चिलम, पाइप और विभिन्न फ्लेवर जब्त किए।
डीसीपी जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। एडीसीपी पारस मल जैन और एसीपी मालवीय नगर विनोद कुमार शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी रामधन ढोबाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के बाद अंकित कुमार (26) निवासी निमभोड़ जिला कोटपूतली-बहरोड़ को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने गोपालपुरा मोड़ स्थित फिन रेस्तरां कैफे पर दबिश दी। जांच के दौरान कैफे में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होना पाया गया। पुलिस ने मौके से चार हुक्के, चिलम, पाइप और विभिन्न फ्लेवर बरामद किए। पुलिस ने राजस्थान धूम्रपान निषेध अधिनियम एवं कोटपा (राजस्थान संशोधन) अधिनियम, 2019 के तहत मामला दर्ज कर कैफे संचालक अमित मीणा (30) निवासी गोपालन नगर खातीपुरा जयपुर तथा हेमंत सिंह (25) निवासी नवलगढ़ झुंझुनूं को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी रामधन ढोबाल, एसआई गिरवर सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल सिंह तथा कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार, रामअवतार, राजकिशोर और चालक कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कांस्टेबल महेंद्र कुमार और रामअवतार की विशेष भूमिका रही।


















