जयपुर पूर्व में पुलिस का क्रैकडाउन: 86 टीमों ने 356 ठिकानों पर दी दबिश

0
33

जयपुर। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जयपुर पूर्व जिला पुलिस ने दो दिवसीय विशेष एरिया डॉमिनेशन अभियान ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ चलाकर 341 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 86 पुलिस टीमों ने जिलेभर में 356 स्थानों पर दबिश देकर हिस्ट्रीशीटर, स्थाई वारंटी, वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया।

पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के आदेश, विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा की कार्ययोजना के तहत 23 और 24 जून को यह अभियान चलाया गया। अभियान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और समस्त सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में गठित टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पुलिस ने 16 हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया, जबकि 28 स्थाई वारंटियों को भी पकड़ा गया। इसके अलावा दो हजार रुपए के इनामी एक अपराधी को गिरफ्तार करने में भी सफलता मिली। लंबित मामलों में फरार चल रहे दो वांछित अपराधियों को भी दबोचा गया।

पुलिस ने सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था भंग करने की आशंका के चलते 244 असामाजिक तत्वों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की। वहीं अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए 26 प्रकरण दर्ज कर 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा शराब जब्त की गई। इसके अलावा अन्य अधिनियमों के तहत 10 प्रकरण दर्ज कर संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की धरपकड़ और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here