पुलिस की नशे के खिलाफ स्ट्राइक: पांछा क्लब पर छापा मार अवैध हुक्का बार पकड़ा

0
42
Police Launch Major Crackdown on Hookah Bars
Police Launch Major Crackdown on Hookah Bars

जयपुर। राजधानी में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले अवैध हुक्का बारों के खिलाफ जयपुर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला दक्षिण की स्पेशल टीम (डीएसटी) और महेश नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए स्वेज फार्म स्थित ‘पांछा क्लब’ पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध हुक्का सामग्री जब्त कर मैनेजर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि शहर में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी। इस पर एडिशनल डीसीपी ललित कुमार शर्मा और एसीपी (सोडाला) सुनील प्रसाद के सुपरविजन में टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब पांछा क्लब पर दबिश दी, तो वहां कई युवक हुक्का पीते हुए मिले। पुलिस की अचानक हुई इस कार्यवाही से कैफे में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने मौके से 10 हुक्के, 10 पाइप, 10 चिलम और भारी मात्रा में नशीले हुक्का फ्लेवर बरामद किए हैं। पुलिस ने अवैध रूप से हुक्का पिलाने के आरोप में क्लब के मैनेजर रामखिलाड़ी मीणा (निवासी बांदीकुई) और उसके साथी शुभम चौधरी (निवासी चिथवाड़ी) को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कार्यवाही के दौरान कैफे के भीतर हुक्का पीते मिले 4 युवकों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। कोटपा अधिनियम की धाराओं के तहत उन पर 800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही दो अन्य संदिग्धों को शांति भंग की धारा 170 बीएनएस में गिरफ्तार किया गया।

डीसीपी दक्षिण ने स्पष्ट किया है कि रिहायशी इलाकों और कैफे की आड़ में अवैध नशा परोसने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह कार्यवाही भविष्य में भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here