किसान की आंखों में धूल झोंक 92 हजार उड़ाने वाली तिकड़ी गिरफ्तार

0
46
Trio Arrested for Swindling 92,000 by Hoodwinking a Farmer
Trio Arrested for Swindling 92,000 by Hoodwinking a Farmer

जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फसल बेचकर घर लौट रहे एक किसान का ध्यान भटका कर नकदी पार करने वाले शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई राशि और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

बातों में उलझाया और जेब से पार कर दी नकदी

डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 3 अप्रैल को परिवादी महेश शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बगरू मंडी में ग्वार की फसल बेचकर 92 हजार रुपये लेकर लौट रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने अपनी बाइक परिवादी के आगे गिरा दी। जब किसान उन्हें संभालने लगा, तो आरोपियों ने उसे बातों में उलझा लिया और जेब से रुपयों से भरा पैकेट निकालकर फरार हो गए।

एडिशनल डीसीपी राजेश कुमार गुप्ता और एसीपी हेमेन्द्र शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी बगरू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिरों की सूचना पर सवाई माधोपुर निवासी तीन बदमाशों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कालू (25), सूरज (24) और विक्की बावरी (19) के रूप में हुई है।

शातिर अपराधी हैं आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। मुख्य आरोपी कालू और सूरज के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। यह गिरोह अक्सर मंडियों और बैंकों के बाहर रेकी करता था और अकेले जा रहे बुजुर्गों या किसानों को अपना निशाना बनाता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here