पुलिस ने नौ चोरी की मोटरसाइकिलों सहित दो शातिर बदमाश दबोचे

0
38
Police nabbed two notorious criminals with nine stolen motorcycles.
Police nabbed two notorious criminals with nine stolen motorcycles.

जयपुर। मोती डूंगरी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम पूर्व (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त आरोपियों की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि मोती डूंगरी थाना पुलिस और डीएसटी पूर्व संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुपहिया वाहन चुराने वाले शातिर वाहन चोर संसार उर्फ काला मीणा (22) निवासी कायमपुर जिला दौसा तथा मोनू उर्फ लाल मीणा (20) निवासी मचानपुरा जिला दौसा को गिरफ्तार किया है। दोनों वर्तमान में जयपुर में किराये पर रह रहे थे।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऐशो-आराम और मौज-मस्ती के लिए बाइक चोरी करते थे। दोनों रात के समय अपनी मोटरसाइकिल पर शहर में घूमकर नई और महंगी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही हैंडल लॉक तोड़कर बाइक चोरी कर लेते और उन्हें तुरंत बेचने की बजाय सुनसान स्थानों पर बने खंडरनुमा कमरों में छिपाकर रखते थे।

मोती डूंगरी थानाधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें अधिकांश हीरो स्प्लेंडर प्लस मॉडल की हैं, जबकि एक टीवीएस अपाचे भी शामिल है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी मोहन सिंह, डीएसटी प्रभारी सुखवीर सिंह, हेड कांस्टेबल सीताराम, तुलसीराम तथा कांस्टेबल देवेंद्र, कन्हैयालाल और बनवारीलाल शामिल रहे। आरोपियों तक पहुंचने और चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी में कांस्टेबल कन्हैयालाल की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here