जयपुर। जयपुर के टोंक फाटक इलाके से एक व्यक्ति के अपहरण के मामले में बजाज नगर और तुंगा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह घंटे में अपहृत को सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपियों से वारदात के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि 8 अक्टूबर को टोंक फाटक स्थित जयकिशन कॉलोनी से एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना मिली थी। परिवादी गौरव कुमार अग्रवाल निवासी रजनी विहार, श्री राम की नांगल की रिपोर्ट पर बजाज नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिस पर बजाज नगर थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों के वाहन की पहचान की। इसके बाद जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई।
तकनीकी विश्लेषण के दौरान आरोपियों की लोकेशन तुंगा थाना क्षेत्र के आसपास मिली। सूचना मिलने पर तुंगा थानाधिकारी सज्जन सिंह ने अपनी टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से अपहृत व्यक्ति को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने अनिल कुमार (27) निवासी गंगापुर सिटी जिला सवाई माधोपुर और बृजेश मीणा (36) निवासी गंगापुर सिटी हाल निवासी खोह नागोरियान जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से अपहरण के कारणों और वारदात में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।



















