जयपुर। राजधानी के मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक सुनसान मकान में संचालित हो रहे संगठित जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों पर रुपयों की हार-जीत का दांव लगा रहे 10 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 67 हजार 200 रुपए नकद और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण मुरलीपुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दधिची नगर स्थित प्लॉट के एक मकान में संगठित रूप से जुआ खेला जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मकान पर दबिश दी और जहां पुलिस को मौके से 10 लोगों को ताश के पत्तों पर नकदी की बाजी लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए यह सुनसान मकान किराए पर लिया था। मकान बजरंग अग्रवाल ने किराए पर लेकर जुआ खेलने के लिए उपलब्ध कराया था। मौके पर मौजूद किसी भी व्यक्ति के पास जुआ खेलने का वैध लाइसेंस नहीं मिला।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल सैनी, मोनू शर्मा, मुकेश सैनी, मनीष देवतवाल, गणेश प्रजापत, नानूराम, मुकेश चौहान, तेजपाल उदयनिया, पवन कुमार तथा अयोध्या कुमार शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी जयपुर शहर एवं जयपुर ग्रामीण के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में मुरलीपुरा स्थित एक प्रतिष्ठान में कार्यरत है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस जुआ अड्डे का संचालन कब से हो रहा था और इसमें अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।
इस कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गोदराज, उपनिरीक्षक वसुंधरा, सहायक उपनिरीक्षक झाबरमल तथा कांस्टेबल मनोज कुमार, रोहिताश, पुरणमल, मुकेश कुमार और रविशंकर शामिल रहे।



















