अवैध हुक्का बार पर पुलिस ने मारी रेड

0
30
Police raid illegal hookah bar.
Police raid illegal hookah bar.

जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों के खिलाफ अभियान के तहत मंगलवार को टोंक रोड स्थित एक कैफे पर छापा मारकर अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई के दौरान कैफे संचालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके पर मौजूद 15 युवकों को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिया गया। साथ ही हुक्का पी रहे 10 युवकों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत चालान भी किए गए।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि बजाज नगर थाना पुलिस ने मंगलवार को टोंक रोड स्थित कैफे डिओना रेस्ट्रो पर औचक दबिश दी। छापेमारी के दौरान कैफे में ग्राहकों को अवैध रूप से हुक्का परोसा जाता मिला। पुलिस ने मौके से 10 हुक्के, 10 चिलम, 22 पाइप, एक चिमटा, एक कोयला जाली तथा तीन खुले फ्लेवर पैकेट जब्त किए।

पुलिस ने अवैध हुक्का बार संचालित करने के आरोप में मनोज कुमार (28) निवासी संगरिया (हनुमानगढ़) को गिरफ्तार किया। इसके अलावा इस कार्रवाई के दौरान कैफे में मौजूद 15 युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया। वहीं हुक्का पीते मिले 10 युवकों के विरुद्ध कोटपा एक्ट-2003 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में थानाधिकारी रामधन डोभाल, उप निरीक्षक गिरवर सिंह, हेड कांस्टेबल शंकरलाल तथा चालक पूरणमल शामिल रहे। वहीं हेड कांस्टेबल धर्मसिंह तथा कांस्टेबल राजकिशोर, महेन्द्र कुमार और रामावतार ने कार्रवाई में विशेष भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here