जयपुर। राजधानी के जयपुर दक्षिण जिले में स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्याम नगर, मानसरोवर और शिप्रापथ थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्पा सेंटरों से संचालकों और मैनेजरों सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही इन स्पा सेंटरों को सील कराने के लिए नगर निगम जयपुर को पत्र भेजा गया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि स्पा एवं मसाज सेंटरों में अवैध और अनैतिक गतिविधियां संचालित होने तथा सरकारी गाइडलाइन एवं पुलिस कमिश्नरेट के आदेशों की अवहेलना किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
जहां चलाए गए अभियान के दौरान मानसरोवर क्षेत्र के लियो नाइट स्पा, लियो नाइट, लश लाइफ स्पा और आतिश मार्केट स्थित ब्राइट कैंडल स्पा और शिप्रा थाना क्षेत्र (महारानी फॉर्म) स्थित ड्रीम नाइट स्पा सेंटर पर दबिश दी गई। इस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटरों में संदिग्ध पाए गए संचालकों, मैनेजरों एवं अन्य व्यक्तियों सहित 13 लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 एवं 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।
डीसीपी राजर्षि राज ने कहा कि शहर में अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों के विपरीत संचालित सभी स्पा सेंटरों को तत्काल प्रभाव से सील कराने के लिए नगर निगम जयपुर को औपचारिक पत्र भेज दिया गया है।
















