भयमुक्त मतदान का संदेश लेकर सड़कों पर उतरी पुलिस

0
38

जयपुर। आगामी 11 सितंबर को होने वाले निकाय चुनाव को लेकर जयपुर दक्षिण पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए मानसरोवर सर्किल क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस ने आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने और असामाजिक तत्वों में भय पैदा करने के उद्देश्य से क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने लोगों से बिना किसी डर के मतदान करने की अपील की।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने ‘आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर’ के ध्येय वाक्य के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त चुनाव का संदेश दिया। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के मार्गदर्शन में हुए मार्च में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहे। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू हेमेन्द्र शर्मा तथा मानसरोवर थानाधिकारी सतीश कुमार सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

फ्लैग मार्च के बाद जयपुर दक्षिण जिले के विभिन्न पोलिंग बूथों, संवेदनशील एवं क्रिटिकल बूथों तथा स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों, मोबाइल पार्टियों और सुपरविजन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ब्रीफिंग की।

डीसीपी जयपुर दक्षिण ने अधिकारियों और जवानों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से निर्भीक होकर मतदान करने और शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here