जयपुर। नरवर आश्रम सेवा समिति की ओर से मंदिर श्री खोले के हनुमान जी के शिखर स्थित श्री सियाराम जी महाराज के आगामी 17 जून को तिथि अनुसार होने वाले पाटोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को रामोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान राम दरबार के दर्शन किए।
समिति अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि श्री सियाराम जी महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा दिवस के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान भगवान का मोगरे के फूलों से मनोहारी श्रृंगार किया गया तथा राम दरबार की आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि अधिकमास के अवसर पर भगवान राम दरबार को शीतलता प्रदान करने वाले विभिन्न व्यंजनों सहित छप्पन भोग अर्पित किया गया। कार्यक्रम में पधारे संत-महंतों का माला, दुपट्टा और प्रसाद देकर सम्मान किया गया।
आयोजन के तहत श्री श्याम ज्योति संध्या परिवार की ओर से भक्ति संगीत संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने भगवान राम और हनुमान जी के भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
रामोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान राम दरबार की महाआरती में भाग लिया। वहीं मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।



















