जयपुर। अधिकमास के पावन अवसर पर गलता गेट स्थित श्री गीता गायत्री मंदिर में सोमवार से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ होगा। कथा का आयोजन 9 से 15 जून तक पं. राजकुमार चतुर्वेदी के सान्निध्य में किया जाएगा।
मंदिर के प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि कथा से पूर्व भव्य पोथी-कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा कनक बिहारी मंदिर से रवाना होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल श्री गीता गायत्री मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में शहर के प्रमुख संत-महंत, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी।
उन्होंने बताया कि कथा व्यास पीठ पर श्रीधाम वृंदावन के विद्वान कथावाचक पंडित श्याम नारायण शास्त्री श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा का आयोजन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार श्री गीता गायत्री मंदिर में वर्षों से चली आ रही प्राचीन परंपरा के तहत अधिकमास के शुक्ल पक्ष में रामकथा तथा कृष्ण पक्ष में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा के निर्वहन में इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से कथा एवं धार्मिक आयोजनों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।



















