जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने और उसके अश्लील फोटो-वीडियो बनाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने बिना पहचान पत्र (आईडी) के कमरा उपलब्ध कराने वाले एक एयरबीएनबी कर्मचारी को भी दबोच लिया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि पीड़ित नाबालिग बालिका ने थाने में मामला दर्ज कराया था कि उसकी मुलाकात एक दोस्त के माध्यम से आरोपी अब्बास कुरैशी से हुई थी, जिसके बाद दोनों में जान-पहचान हो गई थी आरोपी अब्बास ने पीड़िता को मिलने का झांसा देकर बुलाया और उसकी मर्जी के बिना जबरदस्ती दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ने किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी देकर पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर है। अपनी पहचान छुपाने और आईडी न देने के उद्देश्य से उसने होटल के बजाय ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘एयरबीएनबी’ के माध्यम से कमरा बुक किया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और श्याम नगर थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और साइबर सेल की मदद से मुख्य आरोपी अब्बास कुरैशी (22 ) निवासी शास्त्री नगर को जयपुर से ही दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन कर बिना आईडी कमरा देने वाले एयरबीएनबी कर्मचारी अजय कुमार (20) निवासी बिजनौर उत्तर प्रदेश अजमेर रोड जयपुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है।
इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करने वाली टीम में श्याम नगर थानाधिकारी दलबीर सिंह, साइबर सेल (जयपुर दक्षिण) के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार, कांस्टेबल अजयपाल, राजवीर और पवन कुमार शामिल रहे।


















