भगवान झूलेलाल मंदिर पुनर्निर्माण का शुभारंभ आज

0
53
Reconstruction of Lord Jhulelal Temple Begins Today
Reconstruction of Lord Jhulelal Temple Begins Today

जयपुर। पूज्य सिंधी पंचायत मानसरोवर संस्था के तत्वावधान में वरुण पथ, मानसरोवर स्थित भगवान झूलेलाल मंदिर के भव्य पुनर्निर्माण का शुभारंभ 25 अप्रैल प्रातः सवा 11 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर संत स्वामी मोहन लाल महाराज (संत श्री मोनूराम) द्वारा विधिवत भूमि पूजन किया जाएगा।

सरंक्षक चंदी राम जसवानी ने बताया कि लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मंदिर परिसर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि समाज के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक व सांस्कृतिक केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा।

अध्यक्ष ईश्वर करमानी ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के साथ और बड़ी संख्या में भामाशाह, श्रद्धालु एवं समाजबंधु इसमें भाग लेंगे। कई दानदाताओं ने आर्थिक सहयोग की घोषणा की है, वहीं अनेक श्रद्धालुओं ने निर्माण सामग्री जैसे बजरी, ईंट, रोड़ी आदि देने का संकल्प लिया है। साथ ही, तन-मन से सेवा करने के लिए भी लोग आगे आ रहे हैं।

भूमि पूजन से पूर्व 15 अप्रैल से प्रारंभ हुए 11 दिवसीय धार्मिक आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन संत-महात्माओं के सान्निध्य में सत्संग एवं भजन-कीर्तन हो रहे हैं, जिनका समापन 25 अप्रैल को भव्य रूप से किया जाएगा।

करीब 1997 वर्गमीटर क्षेत्र में फैले इस मंदिर का वर्तमान स्वरूप जीर्ण-शीर्ण हो चुका है, जिसे अब आधुनिक एवं भव्य स्वरूप में पुनर्निर्मित किया जाएगा। प्रस्तावित मंदिर परिसर में भगवान झूलेलाल के साथ भगवान शिव, भगवान राधा-कृष्ण, माता दुर्गा, भगवान गणेश और सतगुरु स्वामी टेऊँ राम जी की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।महासचिव रवि हेमलानी ने बताया कि इसमें धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक उपयोगिता को भी महत्व दिया गया है। परिसर में कम्युनिटी हॉल, धर्मशाला, पुस्तकालय तथा युवाओं के लिए ज्ञान केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

यह परियोजना समाज सेवा, सांस्कृतिक संरक्षण और एकता का प्रतीक बनेगी। “यह केवल मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति और सेवा का स्थायी केंद्र स्थापित करने का संकल्प है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here