जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट के पश्चिम जिला पुलिस ने करीब दस वर्ष पुराने धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच हजार रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि वैशाली नगर थाना क्षेत्र के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार आरोपी की सूचना देने या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम के अनुसार आरोपी गोपाल यादव (60) निवासी गोविंदगढ़ जयपुर ग्रामीण हाल चित्रकूट जयपुर के खिलाफ वैशाली नगर थाने में वर्ष 2016 में मामला दर्ज है। आरोपी लगातार पुलिस गिरफ्त से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा है और लंबे समय से वांछित चल रहा है।
डीसीपी पश्चिम द्वारा जारी आदेश के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी कराने, उसकी गिरफ्तारी में पुलिस की सहायता करने अथवा उसके संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को पांच हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी द्वारा विरोध किए जाने पर कानूनन आवश्यक बल का प्रयोग किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना होने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि लंबे समय से फरार अपराधी को गिरफ्तार किया जा सके।



















