July 27, 2024, 6:59 am
spot_imgspot_img

लुटेरी दुल्हन ले भागी जेवरात-नकदी

जयपुर। करधनी थाना इलाके में लुटेरी दुल्हन घर से नकदी और जेवरात लेकर भाग निकली। पीडित और युवती की डेढ़ लाख रुपए देने के बाद मंदिर में शादी हुई थी। शादी के 2 दिन बाद ही दुल्हन गहने-कैश चुराकर ससुराल से भाग निकली। जांच अधिकारी एएसआई रामेश्वर लाल ने बताया कि करधनी निवासी 73 वर्षीय व्यक्ति ने मामला दर्ज करवाया कि वह अपने 29 साल के बेटे की शादी के लिए लड़की ढूंढ रहे थे। एक रिश्तेदार के जरिए पता चला कि किशनगढ़ (अजमेर) निवासी प्रीतम शर्मा लड़के-लड़कियों की शादी करवाने का काम करता है।

जनवरी-2024 में सम्पर्क करने पर प्रीतम शर्मा मिलने के लिए उनके घर आया। बातचीत के दौरान हाथरस (उत्तर प्रदेश) निवासी पिंकी नाम की लड़की के बारे में बताया। शादी करवाने के एवज में 2 लाख रुपए की डिमांड की। लड़की दिखाकर बेटे की शादी करवाने पर 1.50 लाख रुपए देना तय हो गया। 24 जनवरी को प्रीतम शर्मा और उसका परिचित पदम जैन घर आए। 500 रुपए का स्टाम्प दिखाते हुए कहा कि उसने लड़की वालों से बात कर ली है। लड़की वालों को मिलने के लिए जयपुर बुला लिया है।

शादी करवाना तय कर 50 हजार रुपए लेकर दोनों चले गए। 28 जनवरी को दोनों आरोपियों के साथ पिंकी और उसकी दीदी-जीजा शालू-जितेन्द्र आए। लड़की पसंद होने पर शादी की तय कर बाकी के 1 लाख रुपए भी ले लिए। दोनों पक्षों में उसी दिन शादी करवाना तय हुआ। जयसिंहपुरा खोर स्थित एक मंदिर में दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर शादी कर ली। कानोता स्थित एक दुकान पर स्टाम्प पेपर पर लिव-इन-रिलेशनशिप का एग्रीमेंट बनवाया गया। दूल्हा अपने साथ दुल्हन को लेकर घर आ गया।

2 दिन ससुराल मे रुकने के बाद 30 जनवरी की शाम को दुल्हन पिंकी ससुराल से भाग निकली। काफी तलाश के बाद भी दुल्हन का कोई पता नहीं लगा। शादी करवाने वाले प्रीतम से सम्पर्क करने पर उसने पता लगाने की बात कही। जब घर की अलमारी चेक की तो उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब व बिछिया, कैश और मोबाइल गायब मिला। लुटेरी दुल्हन के घर से गहने-कैश चोरी कर भागने के बारे में बताने पर प्रीतम ने रुपए लौटने से मना कर दिया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

25,000FansLike
15,000FollowersFollow
100,000SubscribersSubscribe

Amazon shopping

- Advertisement -

Latest Articles