नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जयपुर में निकली स्कूटी-बाइक रैली

0
73
Scooter and Bike Rally Held in Jaipur in Support of the Nari Shakti Vandan Adhiniyam
Scooter and Bike Rally Held in Jaipur in Support of the Nari Shakti Vandan Adhiniyam

जयपुर। केंद्र की भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम के समर्थन में गुलाबी नगरी में महिलाओं का उत्साह देखने को मिला। सोमवार को आमजन की महिलाओं ने एकजुट होकर स्कूटी और बाइक रैली निकालते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह रैली विद्याश्रम स्कूल, जेएलएन मार्ग से शुरू होकर टोंक रोड होते हुए अमर जवान ज्योति पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में महिलाओं ने तख्तियां और नारों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। रैली में शामिल महिलाओं ने कहा कि प्रस्तावित अधिनियम के तहत महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से उनकी भागीदारी और निर्णय लेने की क्षमता मजबूत होगी। यह कदम समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

आयोजन की विशेषता यह रही कि इसे पूरी तरह आम समाज की महिलाओं ने आयोजित किया, जिसमें जनसहभागिता प्रमुख रूप से देखने को मिली। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर और महिला मोर्चा ने व्यवस्थागत सहयोग प्रदान किया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। वहीं जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में युगांतकारी कदम बताया।

रैली के दौरान सुरक्षा और यातायात की समुचित व्यवस्था रही। जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अमर जवान ज्योति पहुंचकर महिलाओं ने एकजुटता का संदेश दिया और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here