धार्मिक आयोजनों में महिलाओं के गले से चेन और लॉकेट तोडने वाली सात महिलाएं गिरफ्तार

0
101

जयपुर। मानसरोवर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धार्मिक आयोजनों और कलश यात्राओं में महिलाओं को निशाना बनाने वाली अंतरराज्यीय महिला गैंग का पर्दाफाश कर सात आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने के लॉकेट और टूटी हुई चेन बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में नीलम उर्फ नितिका, विधा उर्फ शकुंतला, रानी उर्फ बछिला, बिजली, निशा, चित्रा और संजोता शामिल हैं। ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी, आगरा तथा मध्यप्रदेश के ग्वालियर क्षेत्र की रहने वाली हैं। इनके खिलाफ राजस्थान सहित अन्य राज्यों में चोरी और स्नैचिंग के कई प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि 15 सितंबर को केएल सैनी स्टेडियम से निकली कलश यात्रा में चेन तोड़ने वाली यह गैंग दोबारा मानसरोवर क्षेत्र में सक्रिय हो गई है और वीटी रोड पर आयोजित धार्मिक कथा के दौरान वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर जयपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दबिश देकर सातों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि यह गैंग धार्मिक कार्यक्रमों और कलश यात्राओं में उमड़ने वाली भीड़ का फायदा उठाती थी। आरोपी महिलाएं श्रद्धालु बनकर भीड़ में शामिल हो जाती थीं और मौका मिलते ही महिलाओं के गले से चेन या मंगलसूत्र तोड़कर फरार हो जाती थीं।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here